अब संबंधित कारोबारियों को जारी होंगे नोटिस संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग की ओर से जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे सैंपलों की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से लिए गए पनीर, दही, रसगुल्ले और ग्रीन कोकोनट बर्फी के सैंपल जांच में फेल हो गए हैं।
रिपोर्ट मिलने के बाद विभाग ने संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग का कहना है कि नियमों के तहत संबंधित कारोबारियों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग की सहायक आयुक्त डॉ. विजया की अगुवाई में हाल ही में राजधानी के टुटू और लोअर बाजार क्षेत्रों से पनीर, दही, गुड़, बर्फी, रंगीन रसगुल्ले और ग्रीन कोकोनट बर्फी के सैंपल लिए थे। इन सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा था। अब जांच रिपोर्ट में सामने आया है कि कुछ खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं। इससे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पनीर और दही रोजाना इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थ हैं। ऐसे में इनके सैंपल फेल होना चिंता का विषय है। रिपोर्ट सामने आने के बाद लोगों ने भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर चिंता जताई है। त्योहारी सीजन को देखते हुए लोगों ने खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग से मांग की है कि शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर उनकी जांच की जाए।
टुटू और लोअर बाजार से लिए थे सैंपल टुटू और लोअर बाजार से लिए गए पनीर, दही, रसगुल्ले और ग्रीन कोकोनट बर्फी के छह सैंपल निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं। संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग की ओर से इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
-डॉ. विजया, सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग