ऐतिहासिक गांव नग्गर के मैदान में बच्चों संग खेलते एक नौजवान को बच्चों ने खूब दौड़ाया। कुछ पल बाद बच्चों ने उसके आसपास इकट्ठा होकर उसका मजाक उड़ाया। कुछ पल के लिए वह भी उन बच्चों की बातों को दिल से लगाते हुए रूठ जाता है, लेकिन फिर बच्चे स्थिति को भांपते हुए उसे मनाते हैं। इसी बीच दौड़-दौड़ाई का खेल शुरू हो जाता है।
नग्गर कैसल के मैदान में बॉलीवुड फिल्म ट्यूबलाइट का यह दृश्य देखने को मिला। जब सलमान खान बच्चों के साथ मस्ती करते नजर आए। करीब आधा घंटे बाद हिंदी फिल्म ट्यूबलाइट का यह सीन सलमान खान ने ओके किया। फिल्म के निदेशक कबीर खान कुछ ऐसे सीन अपने कैमरे में कैद करने में मशगूल रहे।
शूटिंग के बाद पैकअप कर टीम वापिस लौटी। गौर रहे कि भारत चीन युद्ध 1962 की पृष्ठभूमि पर बन रही इस फिल्म में तात्कालिक घटनाओं को लिया गया है। इस युद्ध में भारत को बड़ा नुकसान हुआ था। इस फिल्म में जहां सलमान खान एक फौजी अफसर की भूमिका में हैं।
वहीं दूसरी ओर एक झल्ले इंसान के रूप में भी दिखेंगे। बुधवार पर्यटक नग्गर कैसल में जाने के लिए उत्साहित दिखे। लेकिन शूटिंग होने के कारण उन्हें अंदर जाने की इजाजत नहीं मिली। स्थानीय फिल्म को ऑर्डिनेटर अनिल कायस्था ने कहा कि अभी कुछ दिन ट्यूबलाइट फिल्म की शूटिंग होनी है।