कश्मीर में अशांति के बीच बॉलीवुड हस्तियों ने हिमाचल का रुख किया है। बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान की फिल्म ट्यूबलाइट की शूटिंग अब मनाली के रमणीक स्थलों में होगी।
बॉलीवुड सुपरस्टार ने होम प्रोडक्शन फिल्म ट्यूबलाइट के लिए करीब चार माह लगातार लेह-लद्दाख और कश्मीर घाटी में लोकेशन की तलाश की, ताकि फिल्म अगले साल ईद पर रिलीज की जा सके। वह लेह-लद्दाख में शूटिंग की लोकेशन तलाश रहे हैं।
लेकिन कश्मीर के कई हिस्सों में सेना तथा स्थानीय लोगों के बीच चल रहे संघर्ष के चलते पिछले 46 दिन से कर्फ्यू लगा है। लिहाजा, सलमान खान ने शूटिंग शेडयूल में बदलाव कर कश्मीर के गुलमर्ग और पहलगांव की बजाय कुल्लू-मनाली की वादियों में शूटिंग का मन बनाया है।
बताया जा रहा है कि कश्मीर और कुल्लू की वादियों में समानता होने के चलते सलमान ने शूटिंग यूनिट को मुंबई लौटने की बजाय कुल्लू आने को कहा है।