वहीं कांगड़ा जिले के विकासखंड नगरोटा सूरियां के पंचायत समिति सदस्य व जिला परिषद के मतगणना केंद्र में शुक्रवार रात एक बजे ग्रामीणों ने चुनाव आयोग व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एक बजे पंचायत समिति वार्ड बिलासपुर का चुनाव नतीजा घोषित किया और शेर सिंह को सात मतों से विजयी घोषित किया गया। सात मतों से हारे जगरूप के समर्थकों ने हेराफेरी का आरोप लगाकर चुनाव आयोग मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। हालांकि, मौके पर तैनात पुलिस ने मामले को शांत कर दिया। जगरूप का आरोप है कि मतगणना के दौरान तीन मत गायब कर दिए गए और 31 मत रद्द कर दिए गए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मतगणना में लगे कर्मचारियों के कान में बिलासपुर पंचायत सचिव बार-बार आकर कुछ कह रहे थे, जिसकी उन्होंने आपत्ति भी की थी। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति वार्ड में गुलेर व बिलासपुर दो पंचायतें हैं और मतदान में 2506 मत पड़े थे। जबकि मतगणना में 2503 मत ही पाए गए। उन्होंने कहा कि मामले को न्यायालय में ले जाएंगे। उधर, एसडीएम जवाली कृष्ण कुमार ने कहा कि अब चुनाव नतीजा घोषित हो चुका है। अगर कोई आपत्ति है तो मामले को प्रत्याशी अदालत में ले जाया सकता है।