हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी की प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां बगलामुखी मंदिर रोपवे से जल्द जुड़ेगा। पंडोह से बगलामुखी मंदिर तक रोपवे बनाने को 42.48 करोड़ का बजट मंजूर हो गया है। नाबार्ड ने देश में पहली बार रोपवे निर्माण के लिए ग्रामीण आधारभूत संरचना विकास कोष से राशि मंजूर की है। एक किलोमीटर रोपवे से मंदिर तक दस किलोमीटर की दूरी कम होगी। एक घंटे में 500 लोग रोपवे से मंदिर तक पहुंच सकेंगे। नाबार्ड के अधिकारियों ने बताया कि देश में पहली बार ग्रामीण आधारभूत संरचना विकास कोष से किसी रोपवे के निर्माण के लिए राशि मंजूर की गई है। रोपवे कारपोरेशन को निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है।
रोपवे चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे तीन पर पंडोह डैम से मंदिर के समीप गांव भेखली तक बनाया जाएगा। इसकी लंबाई करीब एक किलोमीटर होगी। इसके तैयार होने पर लोगों को आने-जाने की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश के इस प्रसिद्ध मंदिर को रोपवे की सुविधा से जोड़ने की घोषणा की थी। रोपवे बन जाने से एक घंटे में 500 लोगों को लाने और ले जाने की सुविधा मिलेगी। मंदिर में हर साल लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए सरकार इस धार्मिक क्षेत्र को पर्यटन के साथ जोड़ते हुए पर्यटकों को रोपवे की सुविधा देने जा रही है। बगलामुखी माता के प्रति लाखों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है।