बीआरओ ने सामरिक महत्व के राष्ट्रीय राजमार्ग ग्रांफू-काजा मार्ग से बर्फ हटाने की मुहिम शुरू कर दी है। गुरुवार से अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के पास तेलिंग जीरो प्वाइंट से अभियान आरंभ किया गया। इससे पहले लाहौल के आराध्य देव राजा घेपन की पूजा-अर्चना की गई। अधिकारियों के अनुसार आधुनिक मशीनों से लैस बीआरओ को कोकसर तक पहुंचने में अधिक समय नहीं लगेगा और तीन माह बाद कोकसर का संपर्क घाटी सहित देश दुनिया से जुड़ जाएगा। दिसंबर महीने की बर्फबारी के बाद रोहतांग दर्रा से सटे गांव कोकसर, रमथांग और डिंफुक का संपर्क घाटी से कट गया है। ऐसे में बीआरओ ने गुरुवार से अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के समीप से बर्फ हटाने की मुहिम शुरू कर दी है।
अब तक बीआरओ ने अटल टनल रोहतांग, सिस्सू से केलांग, केलांग से उदयपुर की मुख्य सड़कों को बहाल कर दिया है। बर्फ हटने से ग्रामीण अटल टनल से होकर निजी वाहनों से कोकसर पहुंच सकते हैं। इससे कोकसर से मनाली का सफर भी आसान हो जाएगा। जिला परिषद अध्यक्ष अनुराधा राणा, कोकसर पंचायत प्रधान सचिन मिरुपा सहित ग्रामीणों ने इसके लिए बीआरओ का आभार जताया। बीआरओ के 38 बीरटीएफ के कमांडर कर्नल शबरीश वाचली ने कहा कि मौसम साफ रहने पर बीआरओ ने बर्फ हटाने का कार्य राजा घेपन की पूजा के बाद आरंभ कर दिया है। कोकसर पहुंचने पर वहां से पांच किलोमीटर आगे स्थित ग्रांफू तक अभियान को तेज किया जाएगा।