न तो बागियों के सपने पूरे होंगे, न भाजपा के अरमान : अवस्थी
मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन पहुंचकर पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार संभाला। कांग्रेस के छह विधायकों ने पार्टी की पीठ में छुरा घोंपने की कोशिश की है, इसके लिए लोग उन्हें सबक सिखाएंगे। न तो बागियों के सपने पूरे होंगे और न ही भाजपा के अरमान। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। अवस्थी ने कहा कि वह पूर्ण निष्ठा के साथ जिम्मेदारी निभाएंगे। जिम्मेदारी के साथ चुनौती भी मिलती है। सबसे पहली चुनौती लोकसभा चुनाव के साथ छह विधानसभा क्षेत्र में होने जा रहे उपचुनाव हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को एक साथ लेकर आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के पास जनमत है और इसे कोई चुरा नहीं सकता। उन्होंने कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व व मुख्यमंत्री समेत सभी नेताओं का आभार व्यक्त किया। अवस्थी ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने की जो कोशिश की है, उसके लिए लोग उसे कभी माफ नही करेंगे। उन्होंने कहा कि सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी।