लिफ्ट के पास बनी नगर निगम पार्किंग का मामला, शिकायतकर्ता ने हाथ से लिखी रसीद आयुक्त को सौंपी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर के सर्कुलर रोड पर लिफ्ट के पास बनी नगर निगम की पार्किंग के संचालक ने एक वाहन मालिक से एक घंटे के 50 रुपये वसूल लिए। संचालक ने इसकी पक्की रसीद तक नहीं दी। हाथ से बनाई रसीद वाहन मालिक को थमा दी।
ठियोग निवासी वाहन मालिक मनोज तुरंत इसके बाद आयुक्त कार्यालय पहुंचे और शिकायत दी। आयुक्त को बताया कि उनसे महज एक घंटे के ही 50 रुपये वसूल लिए जबकि निगम का तय शुल्क 20 रुपये है। उन्होंने कहा कि संचालक नगर निगम की बनाई रसीद तक नहीं दे रहा है। आयुक्त भूपेंद्र अत्री ने तुरंत संपदा शाखा से इसकी रिपोर्ट ली। पता चला कि दो दिन पहले ही इस पार्किंग का आवंटन नए ठेकेदार को किया गया है। आयुक्त ने टीम को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए। संपदा शाखा की टीम दोपहर के समय मौके पर पहुंची और संचालक से इस बारे में पूछताछ की। संचालक ने ज्यादा वसूली से इंकार किया।
उन्होंने कहा कि एक अन्य ठेकेदार बेवजह इस तरह की शिकायतें कर रहा है। हालांकि रसीद बुक न होने की बात उन्होंने कबूली। निगम टीम ने चेतावनी दी कि पक्की रसीद ही पार्किंग में आने वाले वाहन मालिक को दी जाए। साथ ही नगर निगम के तय शुल्क ही लिए जाएं।