शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की अध्यक्षता में हुई जन शिकायत निवारण समिति बैठक में गूंजे जनता के मुद्दे
विज्ञापन
टारिंग तक के कार्यों में आ रही डीजल की किल्लत अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। पेट्रोल-डीजल की किल्लत के कारण जिले में बागवानी से लेकर टारिंग तक के काम अब ठप होने लगे हैं। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की अध्यक्षता में मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय परिसर स्थित बचत भवन में हुई जिला शिकायत निवारण समिति की बैठक में सदस्यों ने इन मुद्दों को उठाया।
पेट्रोल-डीजल की किल्लत से कृषि उपकरण चलना बंद हो गए हैं। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने भी माना कि दुनिया में पेट्रोल-डीजल की किल्लत हो रही है। इससे बागवानों को भी दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा है। सड़कों में टारिंग के लिए भी डीजल की किल्लत हो रही है। निर्देश दिए कि प्रशासन पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त आपूर्ति के लिए कार्य करें। बैठक में खस्ताहाल सड़कों, खटारा बसों, पेयजल संकट के मुद्दे भी गूंजे। उपमंडल रामपुर से आए गैर सरकारी सदस्य नाविशेक ने कहा कि रामपुर के दूर दराज के गांवों लैलन, कुमसू, बराच आदि के लिए खटारा बसें भेजी जा रही हैं। नई बसें कब भेजेंगे।
विज्ञापन
रामपुर और ननखड़ी की कई पंचायतों में पेयजल संकट रहता है। पुरानी लाइनों को बदलने, अधूरी पेयजल और सिंचाई योजनाओं को पूरा करने के लिए विभाग क्या कदम उठा रहा है। खनेरी अस्पताल, रामपुर और पीएचसी, सीएचसी में चिकित्सकों और स्टाफ की कमी है। मरीजों को आईजीएमसी रेफर करना पड़ रहा है। बोंडा, कुंगल बाल्टी, दनसा, देवठी, सुरु को जोड़ने वाली मुख्य संपर्क सड़क खस्ता है। स्कूलों में अध्यापकों के पद खाली हैं। सदस्य गंगा राम ने पंचायत में कूड़ा प्लांट लगाने, स्कूलों में रिक्त पदों को भरने, पशु औषधालय और डिस्पेंसरी में रिक्त पद भरने, भालुओं के आतंक से राहत दिलाने का मामला उठाया। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि सभी शिकायतों का गंभीरता से समाधान किया जाएगा। एडीसी सचिन शर्मा ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया और क्रमवार मदों को पढ़ा।
जिले में लटका सड़कों का काम, बजट खत्म
कुमारसैन से गैर सरकारी सदस्य अशोक कुमार ने पानू ढांक से कठिन संपर्क मार्ग के अधूरे काम पर सवाल उठाए। विभाग ने कहा कि बरसात के कारण दो कैंचियों के डंगे अभी पूरी तरह स्थिर हैं। नए डंगे लगाने के लिए चालू वित्तीय वर्ष में बजट का कोई भी प्रावधान नहीं हैं। बजट मिलने पर ही आगामी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। सदस्य अशोक कुमार ने कवाला से तेशन वाया मानण संपर्क मार्ग की बात रखी। विभाग ने कहा कि इसका कार्य पूरा हो चुका है। आगे के काम के लिए चालू वित्तीय वर्ष में बजट का प्रावधान नहीं हैं। उपमंडल चौपाल से गैर सरकारी सदस्य सतीश राठौर ने कहा इस विधानसभा क्षेत्र में एचआरटीसी डिपो के तहत आने वाले उन बस मार्गों का विवरण प्रदान किया जाए जो वर्तमान में चालू नहीं हैं।