फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla News: शहर में चार करोड़ से चकाचक होंगी सड़कें, रास्तों की होगी मरम्मत

विज्ञापन
विज्ञापन
खास खबर
विज्ञापन

नगर निगम ने शुरू की मरम्मत कार्य की टेंडर प्रक्रिया, 20 अप्रैल के बाद वार्डाें में शुरू होगी सड़कों की टारिंग
34 में से 27 वार्डाें में पक्की की जाएंगी सड़कें

अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहरवासियों को खस्ताहाल सड़कों से जल्द राहत मिलने वाली है। नगर निगम ने शहर के 27 वार्डाें में संपर्क सड़कों की टारिंग शुरू करने की तैयारी कर ली है। इसके लिए 18 अप्रैल तक टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश जारी किए हैं।

20 अप्रैल के बाद शहर में सड़कों की टारिंग का काम शुरू हो जाएगा। नगर निगम के अनुसार करीब चार करोड़ रुपये की लागत से शहर में सड़कों की टारिंग की जाएगी। 20 जून तक सभी सड़कों की टारिंग पूरी करने का लक्ष्य रखा है। सबसे पहले शहर में उन सड़कों की टारिंग की जाएगी जिनकी मरम्मत बीते साल नहीं हो पाई थी। इसके अलावा नगर निगम शहर में पैदल रास्तों की मरम्मत भी शुरू करने जा रहा है। वार्डाें से पार्षदों से मिले प्रस्तावों के आधार पर इनका काम शुरू किया जा रहा है। बीते साल बारिश के कारण शिमला शहर में कई संपर्क सड़कें और पैदल रास्ते टूट गए थे। नगर निगम के अनुसार कई रास्तों की मरम्मत का काम पूरा हो चुका है, जो बचे हैं, उनका काम इस समर सीजन में पूरा किया जाएगा। महापौर सुरेंद्र चौहान का कहना है कि शहर में सभी संपर्क सड़कें नगर निगम इसी गर्मी के मौसम में दुरुस्त कर देगा। इसी महीने से टारिंग का काम शुरू किया जा रहा है।
विज्ञापन




इन सड़कों की होगी टारिंग
भराड़ी वार्ड में लाॅंगवुड, लॉरेटो समेत आठ सड़कें पक्की होंगी। रुल्दुभट्ठा वार्ड में शांकली, कुफ्टाधार समेत पांच सड़कें दुरुस्त की जाएंगी। दोनों वार्डाें में 43.56 लाख रुपये से टारिंग के काम होंगे। अनाडेल, बालूगंज और कच्चीघाटी वार्ड में 58.20 लाख से नौ सड़कों की मरम्मत होगी। बालूगंज में कामनादेवी क्षेत्र के लिए तैयार सड़क की भी 14.55 लाख रुपये से टारिंग होगी। समरहिल वार्ड में 24.25 लाख रुपये से चार सड़कें चकाचक होंगी। टुटीकंडी में भी 24 लाख रुपये से वार्ड की सड़कें दुरुस्त की जाएंगी। नाभा, फागली और कृष्णानगर वार्ड में 11 सड़कें इस बार पक्की होंगी। यहां 24 लाख रुपये से कैंथ इस्टेट, विली पार्क, डाउनडेल, लालपानी की सड़कें दुरुस्त होंगी। 24.25 लाख रुपये से लोअर बाजार, रामबाजार और जाखू वार्ड में सात सड़कों की टारिंग और पैचवर्क किया जाएगा।



इन वार्डाें में भी पक्की होंगी सड़कें
77.60 लाख रुपये से बैनमोर, संजौली, अपर ढली, सांगटी की सड़कें पक्की होंगी। इनमें बैनमोर में रामचंद्र चौक, फ्लावरडेल समेत तीन सड़कें दुरुस्त होंगी। संजौली में चलौंठी, बॉथवेल समेत तीन सड़कें पक्की होंगी। अपर ढली में ढींगूधार, हिल टॉप समेत तीन सड़कों की टारिंग होगी। सांगटी में बाबा बालक नाथ मंदिर, हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी समेत चार सड़कें दुरुस्त होंगी। मल्याणा और कसुम्पटी में 29 लाख रुपये से चार सड़कें चकाचक होंगी। 33.95 लाख रुपये से छोटा शिमला, विकासनगर और कनलोग वार्ड में सात सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा। 58.20 लाख रुपये से कंगनाधार, पटयोग, न्यू शिमला और खलीनी की सड़कों पर भी पैचवर्क और मरम्मत कार्य किया जाएगा।
विज्ञापन




इन वार्डाें में इस साल टारिंग नहीं
शहर के कैथू, टुटू, मज्याठ, इंजनघर, भट्ठाकुफर, शांति विहार, पंथाघाटी वार्ड में इस गर्मी के मौसम में टारिंग नहीं होगी। इनमें बीते साल टारिंग की गई थी। इसके अलावा यहां निगम की सड़कों की संख्या भी कम है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें