हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के छोल्टू-जानी संपर्क मार्ग पर बुधवार देर शाम 6:00 बजे अनियंत्रित होकर एक पिकअप (एचपी-26ए- 3138) अनियंत्रित होकर सतलुज नदी में जा गिरी। इस हादसे में गाड़ी में सवार दंपती समेत तीन लोग सतलुज में बह गए, जबकि एक महिला घायल है। सूचना मिलते ही टापरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल महिला को छोल्टू अस्पताल पहुंचाया और लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी है। एसपी किन्नौर विवेक चहल ने बताया कि पिकअप टापरी से जानी की ओर जा रही थी कि अचानक छोल्टू-जानी संपर्क सड़क पर तेनांग में गाड़ी सतलुज में जा गिरी। गाड़ी में सवार वाहन मालिक एवं चालक जीवन सिंह नेगी (43) उनकी पत्नी चंपा देवी (44) और अनीता (34) तीनों निवासी जानी जिला किन्नौर सतलुज के तेज बहाव में बह गए। अन्य महिला राजकुमारी गाड़ी से गिरकर नदी किनारे जा गिरी और घायल हो गई। एसपी ने बताया कि तीनों की तलाश शुरू कर दी है।
सुंडा-सनेई सड़क पर चलती जीप पर गिरीं चट्टानें
वहीं, सुंडा-सनेई मार्ग पर बुधवार को सुंडा के पास भूस्खलन होने से दो वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है। यह हादसा सुबह के समय पेश आया है। गनीमत रही कि इस हादसे में चालक पूरी तरह से सुरक्षित है। हादसा उस समय हुआ जब रामपुर से आ रही नालीदार चादरों से लदी गाड़ी पर चट्टानें गिर गईं। वहीं सुबह 11:30 रामपुर की तरफ जा रही ऑल्टो कार पर भी चट्टानें गिरने का मामला सामने आया है। इस हादसे में भगत जोशी निवासी जगुणी बाल-बाल बच गए। वहीं शाम करीब 4:30 बजे चुहाबाग में एनएच के किनारे खड़ी दो निजी बसों पर भी बड़ी-बड़ी चट्टानें गिर गई। इससे वाहनों को नुकसान पहुंचा हैं। हालांकि इस दौरान कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।