सोलन परवाणू बाइपास पर देर रात कार दुर्घटना में एक छात्र की मौत हो गई। जबकि पांच गंभीर रूप से घायल है। हादसा बुधवार देर रात करीब डेढ़ बजे हुआ, जब दोस्तों का ग्रुप चंडीगढ़ से एक गाड़ी में न्यू ईयर मनाने सोलन की ओर जा रहा था।
परवाणू के पास टिपरा गांव के पास तेज रफ्तार से गाड़ी सड़क डिवाइडर के साथ टकरा गई। चालक के साथ आगे बैठा युवक गाड़ी में बुरी तरह से फंस गया जिससे उसकी मौत हो गई।
शेष पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। 108 एंबुलेंस की सहायता से घायलों को ईएसआई अस्पताल परवाणू पहुंचाया गया जहां से युवकों की हालत गंभीर देखते हुए सेक्टर-32 चंडीगढ़ स्थित अस्पताल रेफर कर दिया।
सभी घायल विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र बताए जा रहे हैं। पुलिस ने धारा 279, 37, और 304 ए के तहत चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू क र दी है। मामले की पुष्टि डीएसपी परवाणू प्रमोद चौहान ने की है।