जानकारी के अनुसार वीरवार देर रात करीब 11 बजे बोलेरो कैंपर एचपी 25-2822 जंगी के पास गहरी खाई में जा गिरी।
- फोटो : Demo pic
हिमाचल के किन्नौर में पूह ब्लॉक के जंगी गांव के पास वीरवार देर रात एक बोलेरो कैंपर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इससे एक युवक की मौत और तीन अन्य घायल हो गए। घायलों को रिकांगपिओ अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार वीरवार देर रात करीब 11 बजे बोलेरो कैंपर एचपी 25-2822 जंगी के पास गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में विवेक नेगी (28), पुत्र स्वर्ण नेगी निवासी रल्ली की मौके पर ही मौत हो गई। हंस राज (23), पुत्र बलदेव सिंह निवासी रल्ली, राहुल (28), पुत्र चमन सिंह रल्ली निवासी, जय प्रकाश (33), पुत्र भजन दास निवासी बारंग जिला किन्नौर घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि सभी युवा जंगी से आसरंग के लिए किसी शादी में भाग लेने जा रहे थे। इस दौरान जंगी के पास ही हादसा हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही लोग घटनास्थल पर पहुंचे। कानूनगो राजेश कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 15-15 हजार रुपये की फौरी राहत दी जाएगी।
एसपी किन्नौर खुशहाल शर्मा ने हादसे की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है, जबकि घायलों को आईजीएमसी शिमला रेफर किया दिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी गई है।