27 से 31 अगस्त तक सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक ठप रखेंगे कामकाज संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में उपचार करवाने आने वाले मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। रोगी कल्याण समिति के तहत सैकड़ों कर्मचारियों ने हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है।
आरकेएस यूनियन के अध्यक्ष अरविंद पाल ने बताया कि इस बारे में स्वास्थ्य सचिव एम सुधा देवी, आईजीएमसी प्राचार्य डॉ. सीता ठाकुर और वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल राव को ज्ञापन सौंप दिया है। आईजीएमसी में डाटा एंट्री ऑपरेटर, डार्क रूम असिस्टेंट, नेटवर्किंग इंजीनियर, हार्डवेयर इंजीनियर और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कार्यरत हैं। यह कर्मचारी दस सालों से अस्पताल में 24 घंटे सातों दिन ड्यूटी दे रहे हैं। कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें नियमित की जगह केवल नियमित पे स्केल दिया जाए। इससे पूर्व में भी अस्पताल के कर्मचारियों को नियमित पे स्केल दिया जा चुका है लेकिन इन्हें नहीं दिया जा रहा। फरवरी माह में सरकार ने मांग पूरा करने का आश्वासन दिया था लेकिन छह माह बाद भी इनकी मांग पूरी नहीं हो पाई है। ऐसे में अब कर्मचारियों ने हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। कर्मचारियों ने अस्पताल प्रबंधन को ज्ञापन में स्पष्ट लिखा है कि 27 से 31 अगस्त तक सुबह 8:00 से दोपहर 2:00 बजे तक हड़ताल पर रहेंगे। इसके बाद 2 सितंबर से पूरा दिन की हड़ताल की जाएगी।
ऋण की किस्तें तक चुकाना हुआ मुश्किल
आईजीएमसी कर्मचारियों का कहना है कि उनका वेतन कम है। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई के लिए जो ऋण लिया है, उसे चुकाना तक मुश्किल हो गया है। महंगाई बढ़ रही है, इस वजह से परिवार का पालन पोषण करना मुश्किल हो गया है।