पांच साल तक के बच्चों पर रहेगा विशेष फोकस, 28 फरवरी तक चलेगा सांस अभियानशिशु मृत्यु दर में कमी लाना स्वास्थ्य विभाग की पहल
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। सर्दियों में बच्चों को निमोनिया से बचाने और इससे होने वाली मृत्यु दर में कमी लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग जिलेभर में जागरूकता अभियान चलाएगा। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों को निमोनिया से बचाव के उपायों की जानकारी देंगी।
विभाग ने इसके लिए आशा वर्कर, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। अभियान के दौरान पांच साल तक के बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि उन्हें निमोनिया के गंभीर खतरे से बचाया जा सके। जिले में यह अभियान 28 फरवरी तक चलेगा। इसके तहत लोगों को निमोनिया के कारणों, लक्षणों और बचाव के तरीकों के बारे में जागरूक किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सर्दियों में बच्चों को निमोनिया होने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में बीमारी के शुरुआती लक्षणों की पहचान और समय पर उपचार बेहद जरूरी है। लक्षणों को नजरअंदाज करने और देरी से अस्पताल पहुंचने के कारण बच्चों की स्थिति गंभीर हो सकती है।
विज्ञापन
स्वास्थ्य विभाग की टीमें अभिभावकों को बच्चों को ठंड से बचाने, साफ-सफाई रखने और उचित पोषण देने के बारे में भी जानकारी देंगी। साथ ही बच्चों में बीमारी के शुरुआती लक्षणों की पहचान करने के लिए जागरूक किया जाएगा। विभाग का उद्देश्य समय रहते निमोनिया की पहचान और उपचार सुनिश्चित करना है, ताकि बीमारी गंभीर रूप न ले और बच्चों की जान बचाई जा सके।
यह हो सकते हैं निमोनिया के लक्षण जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जितेंद्र ने बताया कि बच्चों का खाना-पीना छोड़ना, तेज बुखार, खांसी-जुकाम बढ़ना, तेजी से सांस चलना और सांस लेते समय छाती का नीचे की ओर धंसना निमोनिया के लक्षण हो सकते हैं। इसके अलावा झटके आना, सुस्ती और सामान्य से अधिक नींद आना भी खतरे के संकेत हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर अभिभावकों को तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए।
कोट
जिले में 28 फरवरी तक सांस अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए टीमों का गठन कर दिया है। यह टीमें घर-घर जाकर लोगों को निमोनिया से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी और इससे बचने के उपायों की जानकारी देंगी। -डॉ. यशपाल रांटा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, शिमला