बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली वन-डे सीरीज के लिए चयनकर्ताओं ने हिमाचल के रणजी स्टार ऋषि धवन पर भी भरोसा जताया है। सोमवार को सीरीज के लिए घोषित इंडिया ए टीम में धवन को भी शामिल किया गया है। बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज बंगलूरू में खेली जानी है।
सीरीज का पहला मैच 16, दूसरा 18 और तीसरा मैच 20 सितंबर को खेला जाएगा। ऋषि धवन रणजी ट्रॉफी में हिमाचल टीम और आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब, मुंबई इंडियन की तरफ से खेल चुके हैं। इससे पहले भी धवन इंडिया ए का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
पहले भी इंडिया ए का कर चुके हैं प्रतिनिधित्व
राइट हैंड बल्लेबाज तथा मीडियम फास्ट बॉलर ऋषि धवन इससे पूर्व इंडिया ए टीम की तरफ से ट्राई सीरीज में खेल चुके हैं। ऋषि धवन अपने बल्लेबाजी और गेंदबाजी से आईपीएल और ट्राई सीरीज में धमाल मचा चुके हैं। ऋषि धवन ने एक छोटे से अंतराल में क्रिकेट जगत में खूब नाम कमाया है। आईपीएल पांच सीजन में पंजाब की टीम के लिए ऋषि तीन करोड़ नीलाम हुए थे।