चुनाव आयोग की आदर्श आचार संहिता के चलते कांगड़ा और सिरमौर में चल रही सिपाही भर्ती का फाइनल परिणाम 24 अक्तूबर के बाद ही जारी होगा। आदर्श चुनाव आचार संहिता के चलते कांगड़ा और सिरमौर समेत सभी पुलिस जिलों में भर्ती के लिए इंटरव्यू प्रक्रिया तो जारी रहेगी, लेकिन उपचुनाव वाले दोनों जिलों को छोड़कर बाकी जिलों में इंटरव्यू खत्म होने के एक हफ्ते के अंदर चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी जाएगी। चुनाव आयोग ने पुलिस को इसके लिए मंजूरी दे दी है।
पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) ने आदर्श आचार संहिता के मद्देनजर आयोग से इंटरव्यू जारी रखने और उपचुनाव वाले दोनों जिलों के परिणाम को मतगणना के बाद जारी करने का प्रस्ताव किया था। अब इस मंजूरी के बाद पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के भर्ती बोर्ड के अध्यक्षों और एसपी को इंटरव्यू का शेड्यूल जारी करने के लिए कह दिया है। बता दें कि प्रदेश में कांगड़ा जिले की धर्मशाला और सिरमौर जिले की पच्छाद विधानसभा सीट से विधायक बने किशन कपूर और सुरेश कश्यप 2019 के लोकसभा चुनाव में कांगड़ा व शिमला संसदीय सीट से सांसद चुने गए थे।
इसके बाद दोनों ही सीटों पर 21 अक्तूबर को उपचुनाव के लिए मतदान होना है, जबकि 24 को इसका परिणाम आएगा। उपचुनाव की वजह से दोनों ही विधानसभा सीटों से संबंधित जिलों में आचार संहिता लागू हो गई है। चूंकि हिमाचल पुलिस ने इससे पहले ही भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी थी और शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा के दो चरण भी पूरे हो गए थे और 30 सितंबर के बाद से इंटरव्यू की प्रक्रिया प्रस्तावित कर दी थी, लेकिन आचार संहिता लगने के बाद प्रक्रिया को रोक दिया। अब चुनाव आयोग के मंजूरी देने के बाद पुलिस ने भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की कवायद शुरू कर दी है।