हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला ने जारी की अधिसूचना, अन्य छात्रों को छोड़ना होगा छात्रावास
विज्ञापन
एक जनवरी से 17 फरवरी तक बंद रहेंगे अधिकांश हॉस्टल
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला ने शीतकालीन अवकाश के दौरान छात्रावास व्यवस्था को नए सिरे से व्यवस्थित करने का फैसला लिया है। प्रशासन ने अधिसूचना जारी कर स्पष्ट किया है कि एक जनवरी से 17 फरवरी तक विश्वविद्यालय के अधिकांश हॉस्टल सामान्य विद्यार्थियों के लिए बंद रहेंगे। इस अवधि में केवल शोधार्थियों और जनजातीय क्षेत्रों से आने वाले छात्रों को ही छात्रावासों में ठहरने की अनुमति मिलेगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय विद्यार्थियों की जरूरतों और बुनियादी ढांचे के सुधार को ध्यान में रखकर लिया है। इसमें जिन विद्यार्थियों को इंटर्नशिप, प्रोजेक्ट, प्रशिक्षण या अन्य अनिवार्य शैक्षणिक कार्यों के कारण विश्वविद्यालय में रुकना आवश्यक होगा वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनुमति प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित विभागाध्यक्ष और वार्डन की संस्तुति अनिवार्य होगी। ऐसे विद्यार्थियों को 26 दिसंबर तक आवेदन करना होगा। इस दौरान आम छात्रों को अपने हॉस्टल खाली करने होंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन सर्दियों के अवकाश में केंद्र से प्राप्त बजट के माध्यम से छात्रावासों की मरम्मत, रंग-रोगन और अन्य बुनियादी सुधार कार्य कराने की तैयारी में है। पीजी परीक्षाओं के दिसंबर अंत तक समाप्त होने के बाद यह प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वर्तमान में विश्वविद्यालय के पास कुल 15 हॉस्टल हैं, जिनमें चार लड़कों और 11 लड़कियों के लिए हैं। इन हॉस्टलों में 1647 विद्यार्थियों के रहने की क्षमता है।