शिमला के ऐतिहासिक रिज पर सोमवार को गणतंत्र के विभिन्न रंग देखने को मिले। इस मौके पर प्रदेश के सभी जिलों से आए कलाकारों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए।
राज्यपाल उर्मिला सिंह ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। उन्होंने इस मौके पर प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सहित वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे। नगर निगम महापौर संजय चौहान, उपमहापौर टिकेंद्र पंवर और डीसी शिमला दिनेश शर्मा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
हिम ऊर्जा ने शहर को दिखाया सोलर सिटी का सपना
हिम ऊर्जा की झांकी में शिमला शहर को पायलट सोलर सिटी के रूप में विकसित करना दिखाया है। शिमला के 25 वार्डों में 990 सोलर स्ट्रीट लाइटें स्थापित की हैं। पुराना बस अड्डा में 20 किलोवाट, पंचायत भवन में 15 किलोवाट तथा रिज मैदान में 20 किलोवाट क्षमता के तीन सोलर पावर प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं।
वन विभाग ने दिया हरियाली को बचाने का संदेश
वन विभाग की झांकी में संरक्षित वन सुरक्षित जीवन का संदेश दिया गया है। वन विभाग जंगल को सुरक्षित बनाने के लिए राज्य पक्षी जाजुराणा और राज्य पशु बर्फानी तेंदुआ को बचाने के लिए अनूठी झांकियां प्रस्तुत की।