राज्य सहकारी बैंक की बीओडी बैठक
- फोटो : अमर उजाला
राज्य सहकारी बैंक प्रबंधन अपने हजारों कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए बैंक के पेंशन शेयर को दो फीसदी बढ़ाने जा रहा है। शनिवार को होने वाली बैंक की वार्षिक आम सभा में इस प्रस्ताव पर मुहर लगेगी। वर्तमान में बैंक अपने शुद्ध लाभ का तीन फीसदी पेंशन शेयर के तौर पर देता है। अब इसको दो फीसदी बढ़ाकर पांच फीसदी करने का फैसला लिया गया है। शुक्रवार को हुई बैंक के निदेशक मंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई।
बैंक के अध्यक्ष खुशीराम बालनाटाह की अध्यक्षता में हुई निदेशक मंडल की बैठक में पेंशन फंड के लिए कर्मचारियों का अंशदान चार फीसदी से बढ़ाकर पांच फीसदी करने का फैसला लिया गया। इसके अलावा सेवानिवृत्त कर्मियों की पेंशन भी बढ़ाने का निर्णय हुआ। बैठक में बैंक ने अपने पुराने प्रतिनिधियों जो कई वर्षों से लगातार साधारण अधिवेशन में भाग लेते आ रहे हैं, उन्हें सम्मानित करने का फैसला हुआ।
बैठक में ऋण मामलों और नई ऋण योजनाओं को भी स्वीकृति दी गई। बैंक ने मुख्यमंत्री राहत कोष में एक करोड़ की राशि का योगदान देने का भी फैसला लिया। नाबार्ड के निरीक्षण अधिकारियों ने वित्त वर्ष 2018-19 से संबंधित बैंक की वैधानिक निरीक्षण रिपोर्ट निदेशक मंडल के समक्ष पेश की। बैठक में निदेशक मंडल के सदस्य शेर सिंह चौहान, बलदेव भंडारी, प्रियव्रत शर्मा, पीतांबर दास नेगी, राम गोपाल ठाकुर, प्रेमलाल सोनी, गणेश दत्त, राकेश गौतम, विनय नेगी, द्रौपति ठाकुर, विजय ठाकुर, रमेश कुमार, विनोद कुमार, बैंक के प्रबंध निदेशक डॉ. पंकज ललित व महाप्रबंधक डॉ. आरपी नैंटा भी मौजूद रहे।