नादौन अस्पताल में रैंप के समीप लगा पिल्लर हटाया। संवाद
नादौन (हमीरपुर)। सिविल अस्पताल नादौन में मरीजों और दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रैंप के समीप लगाया गया लोहे का पिलर हटा दिया गया है। इससे अस्पताल में आने वाले मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
अब घायल मरीजों को स्ट्रेचर के माध्यम से अस्पताल के भीतर ले जाना पहले की तुलना में अधिक आसान होगा। गौरतलब है कि संवाद न्यूज एजेंसी की खबर नादौन अस्पताल में शेड निर्माण पर उठे सवाल, मरीजों की राह में पिलर बने बाधा... शीर्षक से 26 जून के अमर उजाला अंक में प्रकाशित हुई थी।
समाचार में रैंप के पास लगे लोहे के पिलर के कारण मरीजों, तीमारदारों और दिव्यांगजनों को हो रही परेशानी को प्रमुखता से उठाया गया था। समाचार प्रकाशित होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले का संज्ञान लेते हुए रैंप के समीप बना लोहे का पिलर हटा दिया।
इससे अब रैंप का रास्ता पहले की अपेक्षा अधिक खुला हो गया है। स्ट्रेचर व व्हीलचेयर की आवाजाही सुगम हो गई है। पिलर हटने के बाद मरीजों, विशेषकर दिव्यांगजनों और आपातकालीन स्थिति में आने वाले मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है।
कोट
मरीजों को सुविधाएं देने के लिए स्वास्थ्य विभाग प्रयासरत्त है। रैंप के समीप लगे लोहे के पिलर को हटा दिया है।
-राजेश भारद्वाज, बीएमओ नादौन
नादौन अस्पताल में रैंप के समीप लगा पिल्लर हटाया। संवाद