हड़ताल करने पर 41 कर्मचारियों को किया था बर्खास्त अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी में हड़ताल के चलते बर्खास्त किए 41 सैहब कर्मचारियों की सेवा बहाली फिलहाल लटक गई है। नगर निगम प्रशासन को लिखित जवाब सौंपने के बावजूद सोमवार शाम तक इनकी बहाली के आदेश नहीं हुए हैं। नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री ने इसकी फाइल अतिरिक्त आयुक्त को भेज दी है।
बर्खास्त हुए कई कर्मचारी सोमवार शाम नगर निगम कार्यालय पहुंचे और आयुक्त भूपेंद्र अत्री से मिलकर जल्द सेवा बहाली की मांग की। उन्होंने कहा कि महापौर ने उन्हें हड़ताल खत्म करने के बाद जल्द सेवा बहाली का भरोसा दिया था। सभी कर्मचारी अपने लिखित जवाब भी सौंप चुके हैं, ऐसे में उनकी सेवा बहाली की जाए। आयुक्त ने कहा कि उनके पास सोमवार को ही इसकी फाइल पहुंची है। इसे फिलहाल अतिरिक्त आयुक्त को भेजा है। इनकी रिपोर्ट के बाद आगामी फैसला लिया जाएगा। सूत्रों के अनुसार बर्खास्त किए कर्मचारियों ने आयुक्त से माफी भी मांगी है। इनकी सेवा बहाली पर तो निगम जल्द फैसला ले सकता है लेकिन इन्हें मिलने वाले वित्तीय लाभों पर असर पड़ना तय है। बर्खास्त होने के कारण अब यदि इनकी सेवाएं बहाल भी होती है तो यह नए सिरे से शुरू हो सकती हैं। सर्विस ब्रेक से वित्तीय लाभों, तनख्वाह पर क्या असर पड़ेगा, इसकी रिपोर्ट भी तैयार होनी है।