11 और 13 अगस्त को नगर निगम आयुक्त और महापौर का होगा घेराव
विज्ञापन
यूनियन के कालीबाड़ी में हुए अधिवेशन में लिया फैसला
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। रेहड़ी-फड़ी तहबाजारी यूनियन ने 10 अगस्त को जेल भरो आंदोलन का एलान कर दिया है। यूनियन का कहना है कि नगर निगम और जिला प्रशासन की ओर से गलत तरीके से व्यवहार किया जा रहा है, जिससे रोजी-रोटी कमाना मुश्किल हो गया है।
वहीं 11 और 13 अगस्त को नगर निगम आयुक्त और महापौर के घेराव की चेतावनी भी दी है। यूनियन का वीरवार को कालीबाड़ी में अधिवेशन हुआ। इस दौरान रेहड़ी-फड़ी और तहबाजारी कारोबारियों की विभिन्न मांगों, नगर निगम प्रशासन के रवैये और सरकार की नीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।सदस्यों ने कहा कि शिमला शहर में वर्षों से रेहड़ी-फड़ी और तहबाजारी का काम कर हजारों परिवार अपनी आजीविका चला रहे हैं। इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन इन मेहनतकश लोगों की समस्याओं का स्थायी समाधान करने के बजाय उन्हें लगातार परेशान कर रहा है।
यूनियन ने मांग की कि तहबाजारियों को उचित स्थान उपलब्ध करवाया जाए, लाइसेंस और वेंडिंग व्यवस्था को व्यवस्थित किया जाए तथा उनके रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही तहबाजारियों से मनमानी फीस और जुर्माने की वसूली बंद करने, सामान जब्ती और उत्पीड़न पर रोक लगाने तथा सुरक्षित आजीविका का अधिकार देने की मांग की गई। नगर निगम की ओर से तहबाजारियों की समस्याओं को लेकर किए गए वादों को लागू करने की भी मांग उठाई गई। इस मौके पर यूनियन अध्यक्ष दर्शन लाल, राकेश कुमार, भानू शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, मोहन लाल, इंद्र समेत अन्य लोग मौजूद रहे।