राज्य निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग में दो सलाहकार नियुक्त होने जा रहे हैं। शैक्षणिक और वित्तीय कामकाज में सलाह लेने के लिए आयोग नई भर्ती करने जा रहा है। सरकारी सेवाओं में कार्यरत या सेवानिवृत्त पीएचडी धारक इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। नियामक आयोग ने 25 नवंबर तक इस बाबत आवेदन आमंत्रित किए हैं। सलाहकार पद पर नियुक्त होने वाले व्यक्ति को 37400-67000 का पे स्केल और नौ हजार का ग्रेड पे मिलेगा।
आयोग से भर्ती के आवेदन जारी करते ही राज्य विश्वविद्यालय में नियुक्त कई प्रोफेसरों ने लॉबिंग करना शुरू कर दिया है। सत्ताधारी सरकार के संगठन से जुड़े लोगों की एडजस्टमेंट करने को लेकर इस भर्ती से जोड़कर देखा जा रहा है। आयोग में पहली बार सलाहकारों के पद भरे जा रहे हैं। इन पदों को शैक्षणिक सलाहकार और वित्त सलाहकार का नाम दिया गया है।
दोनों पदों को भरने के लिए पीएचडी को अनिवार्य शिक्षा माना गया है। शैक्षणिक सलाहकार के लिए साइंस, इंजीनियरिंग, सोशल साइंस, आईटी, लॉ, फार्मेसी और मेडिकल साइंस में किसी एक में पीएचडी करने वाले आवेदन कर सकते हैं। वित्तीय सलाहकार के लिए कॉमर्स, इकोनॉमिक्स, अकाउंटेंसी और मार्केटिंग में से किसी एक में पीएचडी करने वाले आवेदन के लिए पात्र होंगे। इसके अलावा इन दोनों पदों के लिए कंप्यूटर का ज्ञान भी अनिवार्य रखा गया है। आयोग ने यह भी शर्त लगाई है कि एक व्यक्ति एक पद के लिए ही आवेदन कर सकेगा।