एनसीईआरटी की किताबों के लिए अब भटकने की जरूरत नहीं है। एनसीईआरटी की वेबसाइट पर पीडीएफ फॉरमेट में किताबें उपलब्ध हैं। इंटरनेट कनेक्शन से जुड़े कंप्यूटर के एक क्लिक पर कक्षा एक से लेकर जमा दो तक की किताबों को आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है।
ऑनलाइन किताबें उपलब्ध होने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों की राह भी आसान हुई है। वेबसाइट पर हर कक्षा के विषय और चैप्टर वाइज किताबें मौजूद हैं। हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में किताबों को पढ़ा जा सकता है। इन किताबों को डाउनलोड कर ऑफ लाइन (बिना इंटरनेट कनेक्शन) भी पढ़ा जा सकता है। प्रिंट आउट निकाल कर किताबों को बाइंड भी करवा सकते हैं।
एनसीईआरटी की किताबों को डाउनलोड करने में सिर्फ इंटरनेट का खर्च आएगा, अन्य कोई भी पैसा इसके लिए नहीं चुकाना पड़ेगा। इन किताबों को पढ़ने के लिए कंप्यूटर पर पीडीएफ फाइल रीडर होना आवश्यक है। यह किताबें सीधी एनसीईआरटी की वेबसाइट से उपलब्ध होती है। ऐसे में कापीराइट एक्ट के उल्लंघन का भी कोई मामला नहीं बनता है।
वेबसाइट पर मिलेगा डाउनलोड लिंक- राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद की वेबसाइट पर डाउनलोड ऑनलाइन टैक्स बुक लिंक पर जाकर किताबों को पढ़ा जा सकता है। नामी शिक्षाविदें ने इन किताबों को लिखा और संपादित किया है।
प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी उपयोगी- एनसीईआरटी की किताबें विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों में जुटे छात्रों के लिए भी लाभदायक हैं। दसवीं से जमा दो कक्षा की किताबों को आनलाइन पढ़ कर छात्र यूपीएसई, एसएससी, पीसीएस, आईएएस, एचएएस सहित बैंकों की परीक्षाओं की तैयारी कर सकते हैं। एक क्लिक पर यह किताबें डाउनलोड हो जाती हैं।
मोबाइल एप भी तैयार कर रही है केंद्र सरकार- एनसीईआरटी की किताबों को जल्द ही मोबाइल फोन पर भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय निशुल्क मोबाइल एप तैयार करने में जुटा है। एप तैयार होने के बाद कोई भी कहीं भी किसी भी किताब से जानकारी प्राप्त कर सकेगा।