पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले युवक के खिलाफ दर्ज किया केस
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी शिमला में घर में घुसकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि इस दौरान आरोपी ने नाबालिग का वीडियो भी बनाया।
मामला छोटा शिमला थाना के तहत पेश आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर इस संबंध में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में परिजनों ने बताया कि नाबालिग इन दिनों घर पर अकेली थी। इसी बात का फायदा उठाते हुए पड़ोस में रहने वाला युवक बाथरूम की खिड़की से घर में दाखिल हो गया और नाबालिग से दुष्कर्म को अंजाम दिया। आरोप है कि युवक ने नाबालिग का वीडियो भी बनाया है। साथ ही किसी को इस बारे में बताने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी है। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
नाबालिग ने इस बारे में मां को फोन पर सूचित किया और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने घटना स्थल का दौरान किया और आरोपी युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 333, 351 (3) और पोक्सा एक्ट की धारा 4 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नाबालिग का मेडिकल करवाया गया है। पुलिस के मुताबिक जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसपी शिमला संजीव कुमार गांधी ने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। ब्यूरो