रणजी ट्रॉफी में अपने पूल में नंबर दो पर काबिज हिमाचल ने शेष बचे दो मैचों में जीत दर्ज करने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। बिलासपुर के लुहणू मैदान में खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हैं। 10 दिवसीय अभ्यास कैंप के लिए हिमाचल के 29 खिलाड़ी बिलासपुर पहुंचे हैं। रविवार को खिलाड़ियों ने लुहणू में सुबह-शाम के सत्र में अभ्यास कर पसीना बहाया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखते हुए लीग के अंतिम बचे मैच के लिए टीम चुनी जाएगी। रणजी के सीजन 2024-25 में हिमाचल ने अपने अब तक खेले पांच लीग मैचों में तीन में जीत दर्ज की है और टीम अपने पूल में नंबर दो पर है। अब 23 से 26 जनवरी को हैदराबाद और 30 जनवरी से 2 फरवरी को गुजरात के साथ मैच होगा।
नाॅकआउट राउंड में पहुंचने के लिए हिमाचल के लिए दोनों मैच जीतना जरूरी है। हालांकि, इस राह में उनके सामने गुजरात बड़ा रोड़ा है। हिमाचल के अभी 21 और गुजरात के 19 अंक हैं। अगर हिमाचल दोनों मैच जीतता है तो ही नाॅकआउट राउंड में पहुंचेगा। एचपीसीए की ओर से बचे दो मैचों के लिए आयोजित विशेष अभ्यास शिविर में अंडर-23 टीम के कुछ खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें इनेश महाजन ने अंडर-23 ट्राॅफी में बेहतर प्रदर्शन करते हुए चयन समिति को अपनी ओर आकर्षित किया है। इस बार अंडर-23 ट्राॅफी में पहली बार सेमीफाइनल में पहुंची थी। सेमीफाइनल मुकाबले में हिमाचल को गुजरात से हार का सामना करना पड़ा था। एचपीसीए के सचिव अवनीश परमार ने कहा कि बिलासपुर में रणजी के बचे दो मैचों के लिए अभ्यास शिविर का आयोजन गया है। जहां पर 29 खिलाड़ियों को बुलाया गया है। प्रदर्शन के बाद चयनकर्ता की ओर टीम का चयन किया जाएगा।