इमरजेंसी में पुलिस से सहायता के लिए 100 नंबर के बजाय बुधवार से 112 डायल करने पर पुलिस की मदद मिल जाया करेगी। बुधवार को मंडी में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह प्रदेश में इमरजेंसी इंटीग्रेटेड रिस्पांस सिस्टम (ईईआरएस) 112 का शुभारंभ करेंगे।
इस नंबर के शुरू होने के बाद शिकायतकर्ता जैसे ही इस नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज कराएगा, वह सूचना स्थानीय पुलिस थाना और चौकी के प्रभारी तक पहुंच जाएगी। इसके अलावा पुलिस वाहन के घटनास्थल तक पहुंचने की निगरानी जीपीएस के जरिये की जाएगी। इस नंबर पर कॉल करने वाले की लोकेशन भी कंट्रोल रूम में पहुंच जाएगी जिससे मुसीबत में फंसे शख्स पर पुलिस तक पहुंचना आसान होगा।
पुलिस महानिदेशक सीताराम मरडी ने बताया कि अभी तक 100 नंबर पर सिर्फ पुलिस संबंधी शिकायतें ही दर्ज की जाती थीं, जबकि अग्निशमन और एंबुलेंस के लिए 101 और 102 व 108 नंबर मिलाना होता था। ईईआरएस में इन सभी सेवाओं के लिए 112 ही डायल करना होगा।
बताया कि पहले चरण में पुलिस के लिए यह नंबर शुरू किया गया है। कुछ समय में सभी सेवाओं को इससे जोड़ दिया जाएगा ताकि लोगों को कई नंबर याद रखने की जद्दोजहद न उठानी पड़े। मरडी ने बताया कि पुलिस मुख्यालय शिमला में इसका कंट्रोल रूम बनाया गया है जहां पिछले दो महीने से 112 का ट्रायल किया जा रहा था।