केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह एक दिन के हिमाचल दौरे पर आ रहे हैं। वे चार जून को हमीरपुर में होने जा रहे त्रिदेव सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इस सम्मेलन में हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना जिले के अलावा कांगड़ा के देहरा व जसवां-परागपुर से करीब साढ़े छह हजार बूथ पालक, बूथ अध्यक्ष और बूथ लेवल एजेंट भाग लेंगे।
प्रदेश में भाजपा का यह तीसरा त्रिदेव सम्मेलन है। इससे पहले शिमला और कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में ये सम्मेलन हो चुके हैं। विधानसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी और अमित शाह के दौरे के बाद अब राजनाथ सिंह पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे।
राजनाथ सिंह सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर पार्टी व संगठन को मजबूत करने के टिप्स देंगे। वे पार्टी कार्यों एवं अन्य कार्यक्रमों का फीडबैक भी लेंगे। जिला भाजपा ने सम्मेलन के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर के खेल मैदान का चयन किया है।
मंजूरी के लिए जिला प्रशासन के पास आवेदन किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा गृहमंत्री के दौरे के दौरान प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।