नेरवा में हुए रजत हत्याकांड में नया मोड़ आया है। मृतक रजत की माता सत्या ने एक आरोपी को बचाने के लिए उसे नाबालिग बनाने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोपी की मेडिकल जांच करवाने की मांग भी की है। महिला ने एसपी शिमला ओमापति जम्वाल को पत्र लिखकर जांच की मांग की है।
सत्या ने बताया कि एक हत्या आरोपी को पुलिस ने नाबालिग दर्शाया है, जबकि वह नाबालिग नहीं है। उन्होंने पुलिस को लिखे पत्र में बताया कि आरोपी की आयु करीब 20 वर्ष है। सत्या का आरोप है कि एक आरोपी को बचाने के लिए उसके जन्म प्रमाणपत्र के रिकॉर्ड से छेड़छाड़ की गई है।
एसपी ओमापति जम्वाल को लिखे पत्र में मांग की गई है कि आरोपी की सही आयु का पता लगाने के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया जाए। मामले की गहनता से जांच की जाए।
बीते शुक्रवार को नेरवा बाजार में गाड़ी को पास न देने पर मामूली विवाद के बाद चार युवकों ने एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। हत्या के आरोप में पुलिस ने दो नाबालिग सहित दो अन्य युवकों को मामले में आरोपी बनाया है।