हिमाचल प्रदेश में बीते दो सप्ताह से शुष्क चल रहे मौसम का मिजाज मंगलवार से बिगड़ेगा। 15 अक्तूबर तक प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के मैदानी, मध्य और पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है।
मंगलवार को मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, मंडी, कुल्लू, सोलन, सिरमौर और चंबा जिले के सिहुंता, चुवाड़ी और चंबा में बारिश होगी। 14 अक्तूबर को मध्य पर्वतीय क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी क्षेत्रों में ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, नूरपुर, ज्वालामुखी, देहरा, नालागढ़, बद्दी, अर्की, नाहन, पांवटा साहिब और उच्च पर्वतीय क्षेत्र लाहौल स्पीति, किन्नौर, चंबा, कुल्लू और मंडी के कुछ क्षेत्रों में भी बारिश होगी।
15 अक्तूबर को मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। आगामी तीन दिन होने वाली बारिश को गेहूं की बिजाई के लिए अच्छा माना जा रहा है। उधर, सोमवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 34.8 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम केलांग में 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।