हिमाचल में शनिवार दोपहर को झमाझम बादल बरसने और तेज हवाएं चलने से मौसम में ठंडक बढ़ गई है।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल में शनिवार दोपहर को झमाझम बादल बरसने और तेज हवाएं चलने से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। अपर शिमला में ओलावृष्टि से सेब की फसल को नुकसान हुआ है। पांवटा साहिब के कई क्षेत्रों में जल भराव हुआ है।
कई क्षेत्रों में बिजली सप्लाई भी ठप हो गई। मंडी जिला के बरोट की लपास पंचायत में अंधड़ से पेड़ गिरा है। इस कारण तीन मंजिला मकान क्षतिग्रस्त हुआ है। जोगेंद्रनगर में चक्की की छत उड़ी है। फलदार फसलों को भी नुकसान हुआ है।
राजधानी शिमला में शनिवार सुबह धूप खिली थी। दोपहर बाद एकाएक बादल उमड़ने से मौसम बिगड़ गया। करीब आधा घंटा शहर में जमकर बारिश हुई। उधर, रविवार को भारी बारिश और आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है।
यहां जानिए कहां कैसा रहेगा मौसम
30 मई तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है।
- फोटो : अमर उजाला
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मैदानी क्षेत्रों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा के कई क्षेत्रों के लिए चेतावनी जारी की है। 30 मई तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। ऊना में शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया।
शिमला में 27.6, सुंदरनगर में 36.3, भुंतर में 34.6, धर्मशाला में 32.8, नाहन में 34.2, सोलन में 31.2, मंडी में 34.7, हमीरपुर में 38, बिलासपुर में 38.3, कांगड़ा में 37.3, चंबा में 36.3, मनाली में 25, डलहौजी में 23, कल्पा में 22.6 और केलांग में 27.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकार्ड किया गया।