शिमला। मूसलाधार बारिश के बाद ऐतिहासिक रिज मैदान पर दरकने का खतरा मंडरा गया है। गेयटी थिएटर के सामने करीब 15 मीटर लंबे रिज के हिस्से में पड़ी दरारें और ज्यादा बढ़ गई हैं। खतरे का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 24 घंटे के भीतर ही ये दरारें न सिर्फ चौड़ी हो गई हैं बल्कि 15 मीटर तक के हिस्से में पहुंच गई हैं। रिज के किनारे पर लगी रेलिंग टूटने लगी है। नगर निगम ने शनिवार को ही इन दरारों को सीमेंट लगाकर भर दिया था। लेकिन 24 घंटे के बाद ये दरारें और बढ़ गई हैं। निगम प्रशासन दावा कर रहा है कि रिज के धंसने का कोई खतरा नहीं है, लेकिन भारी बारिश के बाद रविवार को जो दरारें देखी गई हैं, उससे रिज पर संकट पैदा हो गया है। आने वाले दिनों में रिज पर पड़ी दरारों में पानी रिसने से इसके धंसने का खतरा और बढ़ सकता है। उधर, चौड़ा मैदान से एडवांस्ड स्टडी सड़क पर भी कई जगह दरारें पड़ गई हैं। इसे वन-वे कर दिया गया है। न्यू शिमला में भी सेक्टर चार के समीप सड़क पर लंबी दरार पड़ गई है। इसके कारण सड़क को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
शहर में दर्जनों एंबुलेंस रोड बंद
शहर में भारी बारिश के बाद दर्जनों एंबुलेंस रोड बंद हो गए हैं। न्यू शिमला, भट्ठाकुफर, समरहिल, फागली, खलीनी, विकासनगर एरिया में कई सड़कें अभी भी बंद पड़ी हैं। नगर निगम ने देर शाम तक राहतकार्य जारी रखे और ज्यादातर सड़कें बहाल कर दीं। आयुक्त पंकज राय की अगुवाई में अधिशासी अभियंता सुधीर गुप्ता, एसडीओ राजेश ठाकुर की टीमें अलग अलग इलाकों में डटी रहीं। निगम ने दो जेसीबी, दो रोबोट और 150 से ज्यादा कर्मचारी बचाव कार्य में लगा रखे हैं।