रोहतांग दर्रा, जलोड़ी दर्रा के साथ जनजातीय क्षेत्र लाहौल-स्पीति में ताजा बर्फबारी होने से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। शनिवार सुबह पर्यटक ताजा बर्फबारी का आनंद उठाने के लिए लाहौल पहुंच गए थे लेकिन, सड़क में फिसलन के चलते हादसों की आशंका को देखते हुए पुलिस ने 250 पर्यटक वाहनों को वापस भेजा।
उधर, खराब मौसम के बावजूद एनएच अथॉरिटी ने एनएच 305 को बहाल करने का कार्य जारी रखा, लेकिन दोपहर बाद मौसम खराब होने तथा बर्फ के फाहों के गिरने से एनएच अथॉरिटी ने बर्फ हटाने का कार्य रोक दिया है। धौलाधार की पहाडि़यों पर भी शनिवार को बर्फबारी हुई।
वहीं, छोटा भंगाल में दो से छह सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई है। यह बारिश गेहूं की फसल के लिए भी संजीवनी मानी जा रही है। डलहौजी के डैनकुंड, पोलनहारी, लक्कड़मंडी, कालाटॉप, जुम्हार, दुलाड़ा, भरमौर, किहार और तीसा के ऊंचे क्षेत्रों में भी बर्फबारी हुई।
किन्नौर, कुल्लू और रामपुर उपमंडल के ऊंचाई वाले इलाकों में शनिवार सुबह से हल्की बर्फबारी का दौर जारी है। किन्नौर के छितकुल, कल्पा, नेंसग, आसंरग और कुल्लू के जलोड़ी जोत में हल्की बर्फबारी हुई है। सिरमौर जिले की चूड़धार चोटी के अलावा नौहराधार से सटे जो का बाग की पहाडि़यां बर्फ से लकदक हो गईं हैं। उधर, जिला मंडी में शिकारी देवी, बड़ा देव कमरूनाग में शनिवार को दिनभर रुक-रुक कर बर्फबारी होती रही। जिले के बरोट, पराशर, जंजैहली, सरोआ और आसपास की पहाडि़यों में बर्फबारी हुई है।
सात डिग्री कम रिकार्ड हुआ अधिकतम तापमान
शिमला। प्रदेश के अधिकतम तापमान में शनिवार को सात से आठ डिग्री की कमी दर्ज हुई। शनिवार को नाहन में अधिकतम तापमान 15.5, भुंतर में 14.3, कांगड़ा में 13.6, ऊना में 13.0, सोलन-बिलासपुर में 11.0, धर्मशाला में 11.6, हमीरपुर में 10.7, चंबा में 10.4, सुंदरनगर में 9.8, शिमला में 8.9, कल्पा में 5.4, डलहौली में 4.7 और केलांग में माइनस 4.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।
शीतलहर चलने से तापमान में दर्ज होगी कमी
प्रदेश में तीन से छह जनवरी तक शीतलहर चलने का पूर्वानुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान में पांच से सात डिग्री की कमी दर्ज होगी। न्यूनतम तापमान भी चार से पांच डिग्री रहने की संभावना है। प्रदेश के मैदानी जिलों में इस दौरान घना कोहरा छाये रहने की चेतावनी भी जारी की गई है।
एडवाइजरी जारी, सैलानी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाएं
हिमाचल में छह जनवरी तक मौसम खराब रहने के पूर्वानुमान को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने एडवाइजरी जारी की है। शिमला, किन्नौर, लाहौल स्पीति, कुल्लू और चंबा जिला में अधिक एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। इन जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी के चलते बिजली, पानी और ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होने के आसार हैं। सैलानियों और स्थानीय लोगों को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाने की सलाह भी दी गई है।
क्षेत्र बर्फबारी (सेंटीमीटर में)
रोहतांग दर्रा 20
कोकसर 12
नॉर्थ पोर्टल 10
सिस्सू 10
केलांग 8
सोलंगनाला 3
क्षेत्र न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
केलांग - 7.3
कल्पा - 0.8
चंबा 1.3
मनाली 1.4
मंडी 2.0
ऊना 2.5
सुंदरनगर 2.6
धर्मशाला 3.2
शिमला 5.1