अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी महासचिव राहुल गांधी मंगलवार को छराबड़ा से दिल्ली लौटेंगे। सोमवार को दोस्तों के साथ राहुल छराबड़ा के आसपास जंगलों में सुबह की सैर पर निकले थे। इसके बाद उन्होंने प्रियंका गांधी की कोठी पर ही पूरा दिन व्यतीत किया। सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी अपने दोस्तों के साथ मंगलवार सुबह सड़क मार्ग से चंडीगढ़ रवाना हो जाएंगे। इसके बाद वायु मार्ग से दिल्ली जाएंगे।
इन दिनों राहुल गांधी बिहार चुनाव और पंजाब में किसान आंदोलनों की थकान मिटाने को छराबड़ा स्थित अपनी बहन प्रियंका गांधी की निजी कोठी में आराम फरमा रहे हैं। राहुल छराबड़ा में पिछले तीन दिन से ठहरे हैं। वह कोठी से बाहर आसपास घूमने भी नहीं गए। छराबड़ा के जंगलों में उन्होंने चहल कदमी जरूर की। राहुल गांधी से कुछ कार्यकर्ता मिलने भी आए थे, लेकिन उन्होंने मिलने से मना कर दिया था। सोमवार को भी राहुल पार्टी के किसी नेता और कार्यकर्ता से नहीं मिले। इससे पहले भी एक बार राहुल जब छराबड़ा घूमने आए थे तो उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से दूरी बनाकर रखी थी।