पालमपुर में राधाकृष्ण मंदिर को साईं मंदिर बनाने का मामला प्रकाश में आया है। राधा कृष्ण मंदिर में लगी साईं की प्रतिमा को फेसबुक में डालकर इस मंदिर को साईं मंदिर बनाने के लिए लोगों से चंदे की मांग की है। इसका पता चलते ही सनातम धर्म सभा पालमपुर ने इसका विरोध किया है।
सनातन धर्म सभा का आरोप है कि राधा कृष्ण मंदिर पालमपुर में कुछ समय पहले कुछ लोगों ने सनातन धर्म सभा से बात कर मंदिर में श्री साईं बाबा की एक प्रतिमा लगाई थी। अब ये लोग साईं मंदिर बनाने के नाम पर फेसबुक पर साईं प्रतिमा डाल कर लोगों से चंदा उगाहने लगे हैं।
इसका पता चलने पर सनातम धर्म सभा ने इसका विरोध कर पुलिस में मामला ले जाने का मन बनाया है। शनिवार को सनातन धर्म सभा पालमपुर की बैठक उत्तर भारत के सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष डा. शिव कुमार की अध्यक्षता में हुई। इसमें कहा गया कि जो लोग राधाकृष्ण मंदिर को साईं मंदिर बनाने के लिए पैसे की ठगी कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।