पड़ोसी राज्य पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंद्र सिंह शनिवार को मनाली पहुंच गए हैं। वह यहां करीब पांच दिनों तक मनाली की वादियों का सैर सपाटा करेंगे। उनके मनाली पहुंचने को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अमरिंद्र सिंह शनिवार सुबह 8:15 बजे मनाली के साथ लगते सासे हेलीपैड उतरे जहां से वह वाया रोड शनाग गांव स्थित उर्वशी रिट्रीट पहुंचे।
यहां पर शनाग पंचायत के प्रधान वेद राम ठाकुर और उनकी पत्नी चंपा ठाकुर ने कुल्लवी रीति रिवाज से पंजाब के मुख्यमंत्री, उनके मंत्री राणा सोढ़ी और दोस्तों का स्वागत किया। 23 मई तक की छुट्टी बिताने पहुंचे मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंद्र सिंह का सोलंग नाला के साथ प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रा, नग्गर व रायसन का भी सैर सपाटा करेंगे।
शनिवार को वह दिनभर होटल में ही रहे। अमरिंद्र सिंह के मनाली पहुंचे पर उनका सुरक्षा घेरा भी कसा गया है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में जहां कमांडों तैनात है तो वहीं हिमाचल पुलिस ने भी शनाग गांव स्थित उर्वशी रिट्रीट के चारों ओर से कड़ा सुरक्षा पहरा बिठाई है।
उल्लेखनीय है कि कैप्टन अमरिंद्र सिंह गर्मियों की छट्टियों मनाने पर्यटन नगरी मनाली आते रहते है और अपने पिछले कार्यकाल के दौरान भी वह मनाली आए थे।