शिमला शहर में सब्जियों के बाद अब दालों के भाव भी आसमान छू रहे हैं। हालत यह है कि महंगी होने के कारण कई दालें किचन से गायब होती जा रही हैं। राजधानी शिमला में कुछ दिनों से सब्जियों के दाम भी काफी चढ़ गए हैं।
वहीं, अब एकाएक दालों का मंहगा होना गृहणियों के बजट को खराब कर रहा है। दालों के भाव एक महीने के भीतर 5 से लेकर 30 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं। चने की दाल जहां एक महीने पहले 120 से 125 रुपये प्रति किलो बिक रही थी, वही अब 140 से 150 रुपये प्रति किलो के तक पहुंच गई है। इसके अलावा काबुली चना, मूंग दाल, काला चना, राजमाह के दाम भी बढ़े हैं।
दालों के परचून और थोक भावों में भी काफी अंतर आंका गया है। दालों के दाम बढ़ने का कारण बाजार में इसकी आवक कम होना बताया जा रहा है। थोक व्यापारियों का कहना है कि आने वाले समय में दालों के रेट कम होने की उम्मीद है।