दो कमरे, एक किचन और एक बाथरूम की होगी व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। गरीबों के लिए कृष्णानगर वार्ड में पक्के आवास बनाने का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। नगर निगम की ओर से इसको लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। निगम ने ठेकेदारों के लिए ऑनलाइन टेंडर आवंटित कर दिए हैं। इसकी बिड 16 दिसंबर की दोपहर दो बजे खोली जाएगी। हालांकि इससे पूर्व में निगम ने ठेकेदारों को कागजी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
राजधानी के कृष्णानगर में राजीव आवास योजना के तहत गरीबों के लिए आवास बनाए जाएंगे। इस प्रोजेक्ट के तहत करीब 16 आवास बनेंगे। हालांकि पूर्व में आपदा की वजह से यह प्रोजेक्ट पूरी तरह लटक गया था लेकिन अब नगर निगम ने कृष्णानगर में इन आवासों को बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नगर निगम करीब दो करोड़ रुपये की अनुमानित राशि से कृष्णानगर में आवास गरीबों को बनाकर देगा। नगर निगम का कहना है कि यह आवास पूरी तरह से आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे। इन आवासों में रहने वाले लोगों के लिए दो कमरें, रसोई घर और बाथरूम की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। ऐसे में गरीबों को आवासों को लेकर जो समस्याएं पेश आ रही थी, वह भी खत्म हो जाएगी।
नगर निगम की ओर आमंत्रित किए ऑनलाइन टेंडर में भाग लेने वाले ठेकेदार को 333468 रुपये की अर्नेस्ट मनी और 5900 रुपये की टेंडर फीस चुकानी होगी। वहीं सोलह महीनों के भीतर निगम गरीबों को यह आवास बनाकर देगा।
ऑनलाइन मांगी हैं निविदाएं
प्रोजेक्ट को शुरू करने को लेकर ऑनलाइन निविदाएं मांगी हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द काम शुरू कर दिया जाएगा।
- भूपेंद्र अत्री, आयुक्त नगर निगम शिमला।