फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal: लोक निर्माण विभाग का जेई आठ हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, बिल पास करवाने को मांगी थी घूस

Tue, 04 Aug 2026 03:42 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, ऊना।

सार

हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग  के इलेक्ट्रिकल विंग के जूनियर इंजीनियर (जेई) को राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने 8,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। 
विज्ञापन
आरोपी को ले जाती विजिलेंस टीम। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राज्य विजिलेंस एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) ने प्रदेश के ऊना जिले में लोक निर्माण विभाग (विद्युत विंग) के एक कनिष्ठ अभियंता (जेई) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी जेई को मंगलवार दोपहर विभागीय कार्यालय में एक ठेकेदार से 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय ट्रैप कार्रवाई के दौरान दबोच लिया गया। मामले में विजिलेंस ने रिश्वत की रकम बरामद कर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

विज्ञापन


जेई ने 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी
जानकारी के अनुसार एक ठेकेदार ने विजिलेंस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका करीब 1.50 लाख रुपये का लंबित बिल पास कराने के बदले संबंधित जेई ने 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की है। आरोपी ने पहली किस्त के रूप में 8 हजार रुपये देने को कहा था। शिकायत का सत्यापन करने के बाद विजिलेंस ने ट्रैप की योजना तैयार की। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे डीएसपी विजिलेंस फिरोज खान के नेतृत्व में टीम ने विभागीय कार्यालय में जाल बिछाया। पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता ठेकेदार रिश्वत की राशि लेकर कार्यालय पहुंचा। जैसे ही जेई ने 8 हजार रुपये स्वीकार किए, पहले से तैनात विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की राशि बरामद कर कब्जे में ले ली गई। इसके साथ ही कार्यालय से संबंधित दस्तावेज और अन्य साक्ष्य भी जांच के लिए जब्त किए गए हैं।

अंब स्थित घर पर भी की गई तलाशी
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपी जेई के अंब उपमंडल की लोहारा ग्राम पंचायत स्थित आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई। फिलहाल आरोपी विजिलेंस की हिरासत में है और उसे बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
विज्ञापन

मार्च 2027 में होना था सेवानिवृत्त
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी जेई की सेवानिवृत्ति मार्च 2027 में प्रस्तावित थी। विजिलेंस अब मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि रिश्वतखोरी के नेटवर्क या अन्य संभावित मामलों का भी पता लगाया जा सके। डीएसपी विजिलेंस फिरोज खान ने कहा कि  शिकायत के आधार पर ट्रैप कार्रवाई सफलतापूर्वक की गई है। मामले की गहन जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें