राज्य बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन ने अपनी मांगों को लेकर कसुम्पटी स्थित परिचालन वृत्त कार्यालय का घेराव किया। बिजली कर्मियों ने कसुम्पटी में अधीक्षण अभियंता के कार्यालय के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। ग्रेड पे की विसंगतियों को लेकर पूरे प्रदेश में कर्मचारी आंदोलनरत हैं। इसी कड़ी में सोमवार को कसुम्पटी में प्रदर्शन कर विरोध जताया गया।
यूनियन के अध्यक्ष कुलदीप सिंह खरवाड़ा ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि बोर्ड प्रबंधन जल्द से जल्द अपने 30 सितंबर, 2013 को जारी आदेशों को निरस्त कर पहले के वेतनमानों के आधार पर संशोधित ग्रेड पे प्रदान करे। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं करने पर प्रबंधन को कर्मचारियों के उग्र आंदोलन का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वित्त सचिव सुनयोजित तरीके में बोर्ड कर्मचारियों को अनेक लाभों से वंचित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विसंगतियों को समय से दुरुस्त नहीं किया गया तो सातवें वेतनमान के संशोधन में अन्य श्रेणियों के वेतनमानों के साथ भी छेड़खानी की जा सकती है।
कुलदीप खरवाड़ा ने हिमाचल सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप कर वेतनमानों की पूर्व स्थिति को बहाल करने की मांग की। इस अवसर पर यूनियन के महासचिव हीरालाल वर्मा, जगमेल ठाकुर, कामेश्वर शर्मा, दौलत राणा, रामा नंद, बच्चन नेगी, ज्ञान चंद, भगवान दास, सुधीर चौहान, सितेंद्र शर्मा, धर्म प्रकाश, विजय ठाकुर और जेडी चौहान सहित कई अन्य मौजूद रहे।