ऑनलाइन खरीदारी में धांधली का आरोप लगाते हुए मंगलवार को राजधानी शिमला में सभी कंप्यूटर मार्केट बंद रहीं। आईटी डीलर एसोसिएशन के आह्वान पर कारोबारियों ने दुकानें बंद रखकर विरोध जताया।
कारोबारियों ने कहा कि आनलाइन शापिंग पोर्टल से आईटी का 85 प्रतिशत कारोबार प्रभावित हो रहा है। इस कारोबार से जुड़े राज्य के 40 हजार से अधिक लोगों का व्यवसाय खतरे में पड़ गया है। अध्यक्ष जयंत कुमार उपाध्याय ने कहा कि छह अक्टूबर से आनलाइन कंपनियों ने धोखाधड़ी शुरू की है। इससे व्यापारियों को नुकसान हो रहा है।
आनलाइन शॉपिंग से हिमाचल को वैट नहीं मिल रहा। बताया कि कर्नाटक सरकार ने पिछले हफ्ते आनलाइन कंपनियों पर टैक्स लगा दिया है। उन्होंने मांग की है कि हिमाचल सरकार भी ऐसा कोई कदम उठाए। आनलाइन शापिंग से सेल्स टैक्स की चोरी हो रही है।
व्यापार मंडल शिमला भी मायूस
शिमला व्यापार मंडल के प्रधान इंद्रजीत सिंह ने कहा कि आनलाइन शापिंग के चलते स्थानीय कारोबारियों को बड़ा झटका लगा है। बाजार में खरीदारी को आने वाले युवाओं की संख्या लगातार कम हो रही है। सरकार को इस संदर्भ में जल्द बड़ा फैसला लेना चाहिए।
शहर में बढ़ा है ऑनलाइन शापिंग का क्रेज
ऑनलाइन शापिंग का क्रेज राजधानी में दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। यंगिस्तान बाजार में शापिंग करने के बजाए आनलाइन ही आर्डर बुक कर रहा है। घर और आफिस बैठे मोबाइल फोन, कंप्यूटर से ही खरीदारी हो रही है।