प्रो. शशि कुमार।
- फोटो : संवाद
प्रो. शशि कुमार धीमान को हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर का दूसरी बार कुलपति नियुक्त किया गया है। राज्यपाल एवं तकनीकी विवि के कुलाधिपति राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उनकी नियुक्ति आदेश जारी किए हैं। प्रो. शशि शुक्रवार को कार्यभार संभालेंगे। प्रो. शशि वर्तमान में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में भौतिक विज्ञान विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। वह 7 जनवरी, 2011 से 25 जून, 2013 तक तकनीकी विवि के पहले एवं संस्थापक कुलपति के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।
यहां स्थायी कुलपति का पद जुलाई 2021 से खाली चल रहा था। प्रो. सत प्रकाश बंसल तकनीकी विवि में कुलपति के पद पर सेवारत थे। तीन साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद प्रदेश सरकार ने उन्हें सेवा विस्तार भी दिया, लेकिन उनकी हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला में कुलपति के पद पर नियुक्ति के चलते उन्हें तकनीकी विवि में कुलपति के पद से इस्तीफा देना पड़ा था। विवि ने कुलपति के पद के लिए दो बार आवेदन आमंत्रित किए। कुलपति के पद के लिए कुल 58 आवेदन प्राप्त हुए थे। मेरिट के आधार पर प्रो. शशि के नाम पर सरकार ने अंतिम मुहर लगा दी है। प्रो. शशि लगभग 30 साल से शिक्षण और शोध कार्य से जुड़े हैं।
नई शिक्षा नीति-2020 को प्रभावी ढंग से लागू करना प्राथमिकता
प्रो. धीमान ने कुलपति के पद पर नियुक्ति के आदेश जारी होने के बाद अपनी प्राथमिकताएं गिर्नाईं। उन्होंने कहा कि तकनीकी विश्वविद्यालय में नई शिक्षा नीति-2020 को प्रभावी ढंग से लागू करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तकनीकी कोर्स कर रहे संस्थानों के छात्र-छात्राओं के लिए नए रोजगारोन्नमुख कोर्स शुरू करने के साथ ही पहले से चल रहे कोर्स के सभी छात्र छात्राओं के कौशल को विकसित करने, उनमें रोजगार के लिहाज से तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रो. धीमान ने कहा कि हर छात्र को कैंपस प्लेसमेंट के तहत आकर्षक रोजगार के अवसर प्रदान करने का निरंतर प्रयास रहेगा।