एमसी के कैथू वार्ड की आवाज सरकार तक नहीं पहुंच रही है। यहां मुश्किलों का अंबार है। पर सुनने वाला कोई नहीं। ‘अमर उजाला’ के ‘आपकी आवाज’ कार्यक्रम में लोगों ने एचआरटीसी टैक्सी सेवा बंद होने का मुद्दा जोरशोर से उठाया। लोगों ने बताया कि मुख्य शहर से सटे कैथू वार्ड में 2007 में एचआरटीसी ने टैक्सी सेवा शुरू की थी लेकिन 2014 में सेवा बंद कर दी गई।
कैथू से शहर के लिए कोई बस सेवा नहीं है। आवाजाही का दूसरा कोई साधन न होने के कारण लोगों को रोजाना 6 से 7 किलोमीटर पैदल सफर करना पड़ रहा है। वरिष्ठ नागरिक ज्यादा परेशान रहते हैं। सेवा बहाल करने को लेकर स्थानीय लोग परिवहन मंत्री से लेकर एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक, महाप्रबंधक और क्षेत्रीय प्रबंधक से गुहार लगा चुके हैं। अब तक कुछ नहीं हुआ।
कैथू से सटे अनाडेल वार्ड के लिए एचआरटीसी की बस सेवा है लेकिन कैथू के हजारों लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा। लोगों ने एचआरटीसी प्रबंधन से जल्द से जल्द चुंगीखाना से ओल्ड बस स्टैंड के बीच एचआरटीसी टैक्सी सेवा शुरू करने की मांग की है। कैथू वार्ड में काउंसलर रूम की सुविधा उपलब्ध नहीं है। कुत्तों और बंदरों की समस्या के कारण लोग परेशान हैं।
कैथू वार्ड का एरिया बहुत विस्तृत है और यहां तैनात कर्मियों की संख्या बेहद कम है। नगर निगम की भवन एवं मार्ग तथा जल शाखा के कर्मियों की कमी के कारण रोजाना के काम प्रभावित हो रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के स्वास्थ्य निरीक्षक रजनीश बराड़, भवन एवं मार्ग शाखा के कनिष्ठ अभियंता विचित्र सिंह, सुपरवाइजर सुरेंद्र कुमार, दिनेश कुमार, सैहब सुपरवाइजर नरेश और अजय मौजूद रहे।
हर मोर्चे पर उठाई टैक्सी की आवाज
कैथू के लिए एचआरटीसी टैक्सी सेवा शुरू करने को हर मोर्चे पर आवाज उठाई गई है। एचआरटीसी ने प्राथमिकता के तौर पर कैथू के लिए एचआरटीसी टैक्सी शुरू करने का आश्वासन दिया था लेकिन अब तक सेवा शुरू नहीं हुई। ताराहाल से विक्ट्री टनल तक सड़क किनारे ड्रेन पर फुटपाथ बनाने और ताराहाल स्कूल के पास फुट ओवर ब्रिज बनाने का मुद्दा लोक निर्माण विभाग से उठाया गया है।-कांता सुयाल, पार्षद, कैथू वार्ड
क्या कहते हैं मौके पर पहुंचे अधिकारी
कैथू वार्ड में लोगों ने जो समस्याएं उठाई हैं इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर समस्याओं का समाधान किया जाएगा। लोगों से अपील की गई है कि घरों की पानी की टंकियां जरूर साफ करवा दें। साथ ही किचन और बाथरूम के बेस्ट वाटर को सीवरेज लाइन से जोड़ दें।-आदर्श भौटा, सहायक अभियंता नोडल आफिसर, कैथू वार्ड