फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Priyanka Gandhi: प्रियंका गांधी ने पहली बार रिज मैदान पर आम लोगों के बीच की सैर, कॉफी हाउस भी पहुंचीं

Sat, 13 May 2023 09:28 PM IST
अरविन्द ठाकुर अमर उजाला ब्यूरो, शिमला

सार

कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ जश्न मनाने के बाद पहली बार कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आम जनता के बीच रिज और माल रोड पर सैर का आनंद लिया। 
विज्ञापन
प्रियंका ने की शिमला के रिज मैदान की सैर, प्रसिद्ध कॉफी हाउस भी पहुंचीं - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कर्नाटक में कांग्रेस की जीत का कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ जश्न मनाने के बाद पहली बार कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आम जनता के बीच रिज और माल रोड पर सैर का आनंद लिया। शाम 5:42 बजे रिज मैदान पहुंची प्रियंका करीब एक घंटा यहां रहीं। उनसे मिलने के लिए शहर की आम जनता बेताब नजर आई। किसी ने उन्हें पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया, तो किसी ने उनके उनके साथ सेल्फी भी ली। माल रोड पर उनके घूमते समय लोगों की भीड़ लग गई थी।

विज्ञापन



प्रियंका के इस अंदाज ने लोगों का मन जीत लिया। प्रियंका ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और मंडी सांसद प्रतिभा सिंह, स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनी राम शंडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, पंचायतीराज मंत्री अनिरूद्ध सिंह, खेल व लोनिवि मंत्री विक्रमादित्य सिंह सहित अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ रिज मैदान तक अपने वाहन से पहुंच कर रिज पर शिमला की सुहानी शाम में चहलकदमी की। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों, पुलिस जवानों को भीड़ रोकने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। प्रियंका ने रिज पर आइसक्रीम खाती बच्चियों के साथ भी बात की।

प्रियंका रिज से स्कैंडल प्वाइंट होते हुए इंडियन कॉफी हाउस पहुंचीं। यहां उन्होंने करीब 15 मिनट तक मुख्यमंत्री, कांग्रेस नेताओं के साथ कॉफी पी और बातचीत की।  प्रियंका वाड्रा ने कॉफी पीने के बाद माल रोड की सैर की और रास्ते में अलग-अलग सुमदाय के लोगों, पर्यटकों का सेल्फी और फोटो लेने का क्रम बराबर जारी रहा। इस दौरान प्रियंका ने किसी को भी फोटो लेने से इंनकार नहीं किया।  माल रोड पर प्रियंका ने एक पुरानी किताबों की सबसे पुरानी दुकान मारिया ब्रदर्ज में जा कर किताबें भी देखीं।  इस दौरान भीड़ से एक महिला ने हम हो गए कामयाब आज... का नारा भी लगाया। प्रियंका वाड्रा लिफ्ट तक पैदल चलने के बाद वहां से अपने वाहन में बैठकर वापस लौटीं।
विज्ञापन


नगर निगम महिला पार्षद भी प्रियंका से मिलीं
राजधानी में नगर निगम महापौर और उप महापौर के चुनाव से ठीक पहले शनिवार को महिला पार्षदों ने प्रियंका गांधी के सामने भी अपनी दावेदारी जता दी। प्रियंका शाम करीब 5:00 बजे कांग्रेस मुख्यालय पहुंची थीं। सभी पार्षदों को भी इस बारे में दोपहर 2:00 बजे फोन पर सूचना दी गई। इन सभी को कांग्रेस कार्यालय पहुंचने को कहा गया था। महिला पार्षद भी कांग्रेस मुख्यालय पहुंच गईं। यहां मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सभी नव निर्वाचित पार्षदों का परिचय करवाया। इसी दौरान महिला पार्षदों ने प्रियंका को घेर लिया और नगर निगम के महापौर और उप महापौर पद पर दावेदारी जता दी। पार्षद सिमी नंदा, सुषमा कुठियाला, उमंग बंगा, अनिता शर्मा, विशाखा मोदी, मोनिका ठाकुर, शांता वर्मा ने प्रिंयका से बात की। पार्षद सिमी नंदा और सुषमा कुठियाला ने कहा कि सदन में इस बार 21 महिलाएं पहुंची हैं। ऐसे में मेयर और डिप्टी मेयर के पद पर उनका हक भी बनता है। प्रियंका को बताया कि भाजपा ने नगर निगम वार्डों का मनमाने तरीके से पुनर्सीमांकन किया था जिसके खिलाफ कांग्रेस की महिला पार्षद ने ही लड़ाई लड़ी। महिला पार्षदों की बात सुनने के बाद प्रियंका ने सीएम सुक्खू की ओर देखा और कहा- मुख्यमंत्री जी, आधी आबादी अपना हक मांग रही हैं, इनका ध्यान रखिए। इसके बाद प्रियंका रिज मैदान के लिए रवाना हो गईं।

विज्ञापन

कर्नाटक में कांग्रेस की भारी जीत के बाद शिमला में दोहरा जश्न

कर्नाटक में कांग्रेस की भारी जीत के बाद शनिवार को शिमला में दोहरा जश्न मनाया गया। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा कांग्रेस के पक्ष में नतीजे आने के बाद कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन शिमला आईं तो उन पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूलों की वर्षा की।

प्रियंका गांधी वाड्रा शाम को करीब सवा पांच बजे के बाद पार्टी कार्यालय आईं। यहां गेट पर ही उन पर पुष्पवर्षा की गईं। उन्हाेंने मीडिया को संबोधित कर कर्नाटक के लोगों और देशवासियों को शुभकामनाएं भी दीं। उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की जीत के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच इस तरह से पहली बार आईं। कांग्रेस कार्यालय के अंदर उनका अभिवादन किया गया। उन्होंने माल रोड पर सैर कर भी लोगों का अभिनंदन किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें