प्रियंका गांधी वाड्रा सोमवार को शिमला के छराबड़ा में निर्माणाधीन घर का मुआयना करने आ रही हैं। उनके साथ कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी भी होंगी। प्रियंका के घर की छत बनकर तैयार हो गई है। खिड़कियां- दरवाजे बनाने का काम शुरू हो गया है। घर के काम से जुड़े प्रियंका के करीबी सूत्रों का कहना है कि आगामी सितंबर में आश्विन नवरात्र के दौरान प्रियंका विधिवत पूजा-पाठ कर गृह प्रवेश करेंगी।
इसके मद्देनजर तैयारियां जोर-शोर से चली हुई हैं। इन्हीं तैयारियों का जायजा लेने प्रियंका वाड्रा मां सोनियां गांधी के साथ सोमवार को शिमला पहुंच रही हैं। सोनिया गांधी भी नए घर को पूरी तरह से पहाड़ी शैली में बनाने की पक्षधर हैं। हर काम उनकी और वास्तुकारों की सलाह पर हो रहा है।