गगरेट क्षेत्र में गुरुवार को निजी स्कूल की बस पलटने से बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार छुट्टी के बाद सुंकाली भंजाल में बच्चों को छोड़ने जा रही स्कूल बस पलट गई। बस में सवार लगभग 12 बच्चों को चोटें आई हैं जिन्हें अमलैहड़ (सुंकाली) प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए पहुंचाया गया।
घायल बच्चों को टांके और मरहम पट्टी चिकित्सकों ने की। बताया जा रहा कि बस सड़क किनारे लगे तट बांध के ऊपर बनाए गए रास्ते से ले जाई जा रही थी और मोड़ काटते समय पलट गई। हैरानी इस बात की है कि निजी स्कूलों की बसों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर जितना ध्यान दिया जाना चाहिए, उतना नहीं दिया जाता। बता दें कि क्षेत्र के लिए खड्ड से होकर भी रास्ता जाता है, जोकि सुरक्षित है।
सूचना मिलने पर अंब पुलिस भी दुर्घटनास्थल और अस्पताल सुंकाली में पहुंची। इसके बाद घटनास्थल पर जेसीबी की मदद से बस को उठाया गया। क्षेत्र में निजी स्कूल की बस के पलटने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में भी चिंता देखने को मिली। उधर, पुलिस अधीक्षक ऊना राकेश सिंह ने बताया कि गगरेट पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है कि कहां चूक हुई, उसे ध्यान में रखते हुए जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। वहीं, घायल बच्चों का उपचार जारी है।