बस सोलन से शिमला की तरफ जा रही थी। जैसे ही सलोगड़ा के समीप पहुंची तो चालक बस से नियंत्रण को बैठा। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क के बीच में ही पलट गई। यदि सड़क से नीचे जाती तो कई फीट गहरी खाई में जा गिरती। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आगामी कार्यवाही अमल में लाई। हादसे के कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में हिमाचल प्रदेश में करीब 1920 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं जिसमें 789 लोगों की मृत्यु और 3030 लोग घायल हुए हैं। हालांकि, वर्ष 2024 में हुई सड़क दुर्घटनाओं की तुलना में वर्ष 2025 में हुई सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 10 फीसदी की कमी आई है। एनसीआरबी के आंकड़ों के मुताबिक हिमाचल में सबसे अधिक मौतें एसयूवी, कार और जीप श्रेणी के वाहनों से जुड़े हादसों में हुईं। इन दुर्घटनाओं में 391 लोगों ने जान गंवाई। इसके बाद ट्रक, टेंपो और मिनी ट्रक हादसों में 81 लोगों की मौत दर्ज की गई।
राष्ट्रीय स्तर पर लगभग 58 प्रतिशत सड़क दुर्घटनाएं ओवरस्पीडिंग के कारण होती हैं। हिमाचल जैसे पहाड़ी प्रदेश में तेज रफ्तार और भी घातक साबित होती है। कई मामलों में चालक तीखे मोड़ों पर नियंत्रण खो देते हैं और वाहन सीधे खाई में जा गिरते हैं। बताया गया है कि प्रदेश में कई ऐसे राष्ट्रीय और राज्य राजमार्ग हैं जहां पर्याप्त चेतावनी संकेत, स्पीड कंट्रोल सिस्टम और क्रैश बैरियर तक उपलब्ध नहीं हैं।
वहीं मंडी-पठानकोट हाईवे पर जोगिंद्रनगर में शुक्रवार देर रात एक ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक ने चलते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। दुर्घटना में ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। जानकारी के अनुसार नागालैंड नंबर का ट्रक पठानकोट से लेह-लद्दाख की ओर लोहे की चादरें और करीब 15 टन भारी सामान लेकर जा रहा था। शुक्रवार रात करीब 11:00 बजे शहर से लगभग एक किलोमीटर दूर गुरुद्वारा और अप्रोच रोड के समीप चढ़ाई पर ट्रक के पहिये अचानक रुक गए। इसके बाद ट्रक ढलान की ओर पीछे लुढ़कने लगा।
स्थिति बिगड़ती देख चालक ट्रक से कूद गया और टायरों के नीचे पत्थर लगाकर वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन अधिक भार होने के कारण ट्रक अनियंत्रित हो गया। ट्रक हाईवे की सुरक्षा रेलिंग तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरा और नीचे पठानकोट-जोगिंद्रनगर ऐतिहासिक रेल लाइन तक पहुंच गया। हादसे के दौरान ट्रक कई पलटे खाता हुआ नीचे गिरा, जिससे उसके परखच्चे उड़ गए और लोहे का सामान खाई में बिखर गया। हादसे में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि जोगिंद्रनगर में मंडी-पठानकोट हाईवे पर हुए इस सड़क हादसे की जांच की जा रही है।