संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। पुराना बस अड्डे से मल्याणा जा रही निजी बस लिफ्ट के पास अनियंत्रित होकर पहाड़ी से जा टकरा गई। इसमें तीन यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। एक युवती के मुंह से हल्का खून भी निकला है। बस में करीब 40 सवारियां थीं। बताया जा रहा है कि बस करीब सत्रह साल पुरानी है।
राजधानी के पुराने बस स्टैंड से शाम 5:25 बजे निजी बस मल्याणा की तरफ जा रही थी। इस बीच सवारियों से भरी बस लिफ्ट से आगे ट्रिपल एच वाली उतराई पर पहुंची तो अनियंत्रित हो गई। चालक ने बस को दीवार की साइड बने डंगे से टकरा दिया। इस जोरदार धमाके के कारण बस में सवार कुछ सवारियों को हल्की चोटें आई हैं। दरवाजे वाली साइड को पहाड़ी की ओर टकराया था तो ऐसे में ड्राइवर साइड के दरवाजे से सवारियों को एक-एक कर बाहर उतारा गया। इसमें स्कूली बच्चे, महिला और बुजुर्ग शामिल थे। बस से बाहर उतरने के बाद एक युवती के मुंह से हल्का खून निकला। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। इस घटना के बाद बस में उतरी कई सवारियों ने कहा कि पहले से ही कुछ अजीब आवाजें आ रही थीं। लेकिन चालक और परिचालक बस को ले आए। घटना के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंची थी और मामले की छानबीन की। शहर में कुछ प्राइवेट बस ऑपरेटर पुरानी बसें चलाकर यात्रियों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। वहीं आरटीओ शिमला अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि निजी बसों को लेकर लोगों की शिकायतें मिल रही हैं। विभाग की टीम मौके पर जाकर जांच करेंगे।