फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नड्डा को आगे खड़ा कर गए मोदी

Wed, 04 Oct 2017 12:48 PM IST
रितेश गुलेरिया/अमर उजाला, बिलासपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की तारीफ कर उन्हें मुख्यमंत्री पद की दौड़ में आगे खड़ा कर गए। लुहणू मैदान में आयोजित आभार रैली में करीब पांच मिनट तक पीएम के भाषण में नड्डा का नाम और काम छाया रहा। 
विज्ञापन


जैसे ही पीएम मोदी ने मंच से जेपी नड्डा का नाम लिया, मैदान में नड्डा समर्थकों ने जोरदार तालियां बजाईं। खास बात यह रही कि पीएम मोदी ने वन पेंशन वन रैंक (ओआरओपी) का जिक्र तो किया लेकिन प्रो. प्रेम कुमार धूमल का नाम नहीं लिया। इससे पहले पीएम मोदी ओआरओपी का श्रेय धूमल को देते रहे हैं लेकिन इस बार स्वर और तेवर पूरी तरह बदले नजर आए। 

रैली पर टिका था नड्डा का सियासी कद
नड्डा का सियासी कद पूरी तरह से इस रैली पर टिका हुआ था। यही कारण रहा कि नड्डा अकेले ही बीते 25 सितंबर से रैली की तैयारियों में जुटे रहे। उन्होंने जहां लोगों को खुद जाकर निमंत्रण दिए, वहीं रणधीर शर्मा के साथ रैली की तैयारियों को भी संभाला।
विज्ञापन

वन रैंक वन पेंशन के जिक्र पर नहीं आया धूमल का नाम

पीएम ने नड्डा को प्रतिभावान नेता बताया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जैसे बड़े मंत्रालय में नड्डा लगातार बेहतर काम कर रहे हैं। नड्डा ने कई योजनाएं बनाईं, जिसमें से इंद्रधनुष भी एक है। उन्होंने कहा कि बच्चों को भयानक रोगों से बचाने के लिए टीकाकरण अभियान नड्डा की देन है।

वन रैंक वन पेंशन पर मोदी ने कहा कि उन्होंने अपना चुनावी वायदा पूरा किया है। उल्लेखनीय है कि इंडोर स्टेडियम में आयोजित शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रम में जेपी नड्डा ने हर बार धूमल को आगे खड़ा किया।
विज्ञापन

नड्डा, धूमल ने हाथ पकड़कर किया अभिवादन

बिलासपुर के लुहणू खेल मैदान में टिकट के किसी भी दावेदार ने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन नहीं किया। धूमल और नड्डा गुट के कार्यकर्ताओं ने बिना नारेबाजी आराम से पीएम मोदी का भाषण सुना। मंच पर जेपी नड्डा व प्रेम कुमार धूमल ने भी एक-दूसरे का हाथ पकड़ कर लोगों का अभिवादन किया।

भाजपा की रैली में हजारों की संख्या में भीड़ उमड़ी। प्रदेश भर से कार्यकर्ता रैली में पहुंचे। उनके साथ सैकड़ों व हजारों की संख्या में समर्थक भी आए। लेकिन किसी भी टिकट के दावेदार ने रैली में किसी तरह का शक्ति प्रदर्शन नहीं किया।

रामपुर, किन्नौर, कुल्लू ,मंडी, कांगड़ा और सिरमौर से टिकट के कई चाहवान अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। लेकिन पार्टी के हाई कमान से मिले आदेश के बाद कोई अपने बैनर लेकर नहीं चल पाया और न ही अपने नेता के पक्ष में नारेबाजी कर पाए। पालमपुर में एक कार्यक्रम के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने साफ कर दिया था कि जो भी गुटबाजी करेगा, वह उसका आखिरी गुट होगा। 

पीएम मोदी के अगल-बगल बैठे नड्डा-धूमल
मंच पर नड्डा पीएम मोदी के दाहिनी तरफ बैठे। मोदी की बाईं तरफ प्रेम कुमार धूमल और उनके साथ सतपाल सिंह सत्ती बैठे थे। मोदी मंच पर आए, तब से उन्होंने धूमल से केवल एक बार बात की जबकि रैली में भीड़ देख कर उन्होंने नड्डा से मंच पर कई बार बात की। इस दौरान जब धूमल मंच पर भाषण देने उठे तो उनकी कुर्सी पर उनके बेटे एवं हमीरपुर के सांसद बैठ गए। हालांकि मोदी का ध्यान खींचने में वे कामयाब नहीं हो पाए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें